हिंदी
शादी से इनकार पर रैन बसेरे की छत पर चढ़ी युवती
Gorakhpur: शहर के एम्स थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शादी से इनकार किए जाने से नाराज एक युवती रैन बसेरे की छत पर चढ़ गई और नीचे उतरने से मना कर दिया। युवती को छत पर खड़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली युवती का उसी इलाके के एक युवक से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन अब उसने उससे दूरी बना ली है और विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। इसी से आहत होकर युवती विरोध जताने के लिए रैन बसेरे की छत पर चढ़ गई।
Gorakhpur: NH-28 पर भीषण सड़क हादसा, भाजपा नेता के भाई की मौत, एक गंभीर
युवती का कहना है कि उसने पहले भी इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। उसने एम्स थाना पुलिस पर भी शिकायत की अनदेखी करने का आरोप लगाया। युवती का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो उसे ऐसा कदम उठाने की नौबत नहीं आती।
घटना की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने धैर्य और सूझबूझ से काम लेते हुए युवती को समझाया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद युवक और युवती दोनों को थाने लाया गया, जहां दोनों पक्षों से बातचीत की गई।
एम्स थाना प्रभारी संतोष अवस्थी ने बताया कि युवक और युवती पहले से एक-दूसरे को जानते हैं। शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके बाद युवती रैन बसेरे की छत पर चढ़ गई थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। युवती की ओर से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 30 June 2026, 7:57 PM IST
Topics : AIIMS Thana Gorakhpur News UP Police uttar pradesh