
ग़ोला राजस्व टीम के सामने धधकी झोपड़ी (Img: Google)
Gorakhpur: गोला बाजार के रकौली गांव में गुरुवार की देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम के सामने अचानक एक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रशासन को कब्जा हटाने की कार्रवाई बीच में ही रोककर वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक ग्राम रकौली स्थित गाटा संख्या 164 की करीब 0.3080 हेक्टेयर जमीन को लेकर बंगेश चौधरी और अशोक यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला हाईकोर्ट, दीवानी न्यायालय बांसगांव और एसडीएम कोर्ट गोला तक पहुंच चुका है। आरोप है कि अशोक यादव कई वर्षों से जमीन पर नाद-खूंटा गाड़कर और छप्पर डालकर कब्जा किए हुए हैं। करीब पांच साल पहले उपजिलाधिकारी न्यायालय से बंगेश चौधरी के पक्ष में फैसला आने के बावजूद उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका था।
हाल ही में बंगेश चौधरी ने उपजिलाधिकारी गोला से शिकायत कर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की थी। लेखपाल की रिपोर्ट में भी भूमि बंगेश चौधरी के पक्ष में बताए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया।
उपजिलाधिकारी के निर्देश पर 11 मई को नायब तहसीलदार बालचंद चौहान के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित की गई थी। गुरुवार शाम राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही नाद-खूंटा उखाड़ा जाने लगा, तभी बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान अचानक झोपड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई और प्रशासनिक कार्रवाई रोकनी पड़ी। राजस्व टीम का आरोप है कि कार्रवाई रुकवाने के लिए झोपड़ी के अंदर मौजूद महिला ने खुद आग लगा ली, जबकि अशोक यादव ने विपक्षी पक्ष पर आगजनी कराने का आरोप लगाया है।
शादी के 6 साल तक सुहागरात के लिए तरसता था युवक, अंत में बीवी ने खेला ऐसा खेल…पति हुआ बेचारा
अशोक यादव का कहना है कि जमीन उनके पिता ने वर्षों पहले खरीदी थी और वे लंबे समय से उस पर काबिज हैं। उन्होंने विपक्ष पर फर्जी तरीके से वरासत कराने का भी आरोप लगाया। घटना के दौरान नायब तहसीलदार बालचंद चौहान, राजस्व निरीक्षक चंद्रमणि, लेखपाल प्रकाश चंद्र, अजय पाठक, सुरेंद्र पटेल, आलोक कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
अब प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
Location : Gorakhpur
Published : 15 May 2026, 3:51 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News up crime UP News