हिंदी
गाजीपुर में सड़क हादसे में तीन की मौत (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बौरी चट्टी के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, इंग्लिश गांव से एक बारात कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेताबपुर गांव गई थी। बारात समारोह से लौटते समय रात करीब 11 बजे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस जा रहे थे। जैसे ही वे बौरी चट्टी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नोनहरा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से घटना की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी कर ट्रेलर और उसके चालक को वाहन समेत पकड़ लिया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Ghazipur News: मां जेल में, बेटियां क्लास में! गाजीपुर जिला जेल ने रचा नया इतिहास; जानें पूरा मामला
इस हादसे में इंग्लिश गांव निवासी सुमित कुमार (21), पुत्र अजय राम, नीरज कुमार (18), पुत्र योगेंद्र राम और हंसराजपुर निवासी नितेश राम (17), पुत्र सूरज राम की मौत हो गई। नितेश, योगेंद्र राम का भांजा बताया गया है। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतकों के परिवारों की स्थिति बेहद दर्दनाक बताई जा रही है। नीरज कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसके छोटे भाई की भी एक वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है। मां हैवंती देवी बेटे की मौत से बेसुध हैं और घर में मातम पसरा हुआ है।
सुमित कुमार अपने परिवार में सबसे छोटा था। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था और कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी माना जाता था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक मौत से मां राधिका देवी समेत पूरा परिवार सदमे में है।
तीसरा मृतक नितेश राम बनारस में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता भी मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां संतरा देवी बेसुध हो गईं और पूरे घर में कोहराम मच गया।
तीनों युवकों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Ghazipur
Published : 25 May 2026, 12:14 PM IST