हिंदी
वेतन न मिलने पर कार्य बहिष्कार (Img: Google)
Ghaziabad: गाजियाबाद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने वेतन न मिलने के विरोध में कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले इस आंदोलन के चलते जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
जिले में एनएचएम के तहत लगभग 1200 स्वास्थ्यकर्मी तैनात हैं, जिनमें डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और अन्य स्टाफ शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें मार्च, अप्रैल और मई का वेतन अब तक नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है।
पिछले दो दिनों से कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करा रहे थे। यूपी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर यह कदम उठाया गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि 20 मई तक वेतन जारी नहीं हुआ तो वे कार्य बहिष्कार करेंगे।
कार्य बहिष्कार के चलते एमएमजी जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, संजयनगर संयुक्त अस्पताल सहित सीएचसी-पीएचसी भोजपुर, डासना, लोनी और मुरादनगर जैसे स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। जांच, दवा वितरण और एक्स-रे जैसी सेवाएं बाधित होने की संभावना है।
संघ की जिलाध्यक्ष हिमानी कौशिक ने बताया कि वेतन न मिलने से कर्मचारी गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। स्कूलों में एडमिशन और अन्य जरूरी खर्चों के कारण स्थिति और भी कठिन हो गई है।
Ghaziabad Power Cut: भीषण गर्मी में बिजली संकट से हाहाकार, 500 से ज्यादा घरों के उपकरण फुंके
जिला महासचिव डॉ. चेतन वर्मा ने कहा कि जब तक वेतन जारी नहीं किया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। वहीं सीएमओ डॉ. अमित विक्रम ने कहा कि फिलहाल संगठन से कोई औपचारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।
Location : Ghaziabad
Published : 21 May 2026, 5:10 PM IST