हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sonbhadra: जनपद में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और सोशल मीडिया पर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना एवं साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अश्लील और पोर्नोग्राफिक सामग्री अपलोड एवं साझा करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक Abhishek Verma के निर्देशन में महिला एवं बाल यौन शोषण से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों की निगरानी के लिए साइबर थाना एवं साइबर सेल को विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में टीम लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (NCMEC) पोर्टल तथा साइबर ट्रिपलाइन प्रणाली के माध्यम से सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री अपलोड किए जाने संबंधी सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। ये सूचनाएं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से जनपद सोनभद्र से संबंधित पाई गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की।
जांच के दौरान संबंधित सोशल मीडिया खातों की प्रोफाइल डिटेल, मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच में दो व्यक्तियों की पहचान हुई, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अश्लील सामग्री अपलोड और साझा कर रहे थे। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना Dhirendra Kumar Chaudhary के नेतृत्व में टीम गठित की गई और थाना दुद्धी तथा थाना ओबरा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने सैफ पुत्र खजमुद्दीन निवासी वार्ड नंबर-09, रामनगर दुद्धी तथा राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन निवासी गुरुद्वारा गली, चोपन रोड ओबरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके मित्रों का एक सोशल मीडिया समूह है, जिसमें इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से वीडियो साझा किए जाते थे। अधिक व्यूज प्राप्त करने और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अश्लील वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों पर अपलोड किए जाते थे।
Sonbhadra News: जनगणना 2027 के प्रथम चरण का भव्य शुभारंभ, अभियान की हुई औपचारिक शुरुआत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सामग्री अपलोड करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल उपकरण भी बरामद किए हैं। प्राप्त साक्ष्यों और जांच के आधार पर थाना दुद्धी में अभियुक्त सैफ के विरुद्ध मु0अ0सं0 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77, 294 तथा आईटी एक्ट की धारा 67A में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं राहुल कुमार के खिलाफ थाना ओबरा में मु0अ0सं0 112/2026 के अंतर्गत धारा 77, 294 बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धारा 67B के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह (दुद्धी), प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय (ओबरा), चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, हेड कांस्टेबल शिवनंदन सिंह, कांस्टेबल अखिलेश यादव, सुनील रावत एवं अभिषेक तिवारी सहित साइबर सेल की टीम शामिल रही।
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक अथवा बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री को सोशल मीडिया पर अपलोड, शेयर या फॉरवर्ड न करें। पुलिस के अनुसार ऐसा करना गंभीर साइबर अपराध की श्रेणी में आता है और दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sonbhadra
Published : 21 May 2026, 4:40 PM IST