
Symbolic Photo
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के बलराम नगर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। पंजाब एंड सिंध बैंक में तैनात गार्ड रवींद्र हुड्डा ने बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा को गोली मार दी। घटना दोपहर करीब 1:45 बजे हुई जब बैंक में कामकाज चल रहा था।
गोली चलने के बाद का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी और बैंक में अफरा-तफरी मच गई। रवींद्र हुड्डा ने हाथ में बंदूक लहराते हुए बैंक से बाहर निकलकर फरार हो गया। वहीं लोग खून से लथपथ मैनेजर को बाइक पर बिठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विवाद की वजह
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा मूल रूप से बागपत का रहने वाला है। वह पिछले समय से मैनेजर अभिषेक शर्मा से छुट्टी की मांग कर रहा था। छुट्टी को लेकर अक्सर दोनों के बीच कहासुनी होती रहती थी। सोमवार को भी इसी विवाद के चलते गुस्से में आकर गार्ड ने सीधे मैनेजर पर गोली चला दी।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले लिए गए हैं। एसीपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें सक्रिय हैं और उसके संभावित ठिकानों और बागपत स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बैंक कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके। वहीं आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।
Location : Ghaziabad
Published : 16 March 2026, 6:27 PM IST