हिंदी
गौतमबुद्ध नगर में पुलिस पर चला कमिश्नर का डंडा
गौतमबुद्ध: गौतमबुद्ध नगर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। जिले में कार्यशैली की लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी के चलते छह पुलिस चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही चार प्रमुख थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, यह सख्त कार्रवाई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद की गई, जिसमें जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि बीते दो महीनों में कई पुलिस चौकियों में 'zero preventive action' यानी कोई भी एहतियाती कार्रवाई नहीं हुई है। इससे स्पष्ट होता है कि संबंधित अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं।
कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने इस लापरवाही को सीधे-सीधे उच्च अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना बताया और कहा कि इस तरह की निष्क्रियता को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निलंबित किए गए चौकी प्रभारियों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन संबंधित विभागीय जांच जारी है।
वहीं जिन थानों के प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है, उनमें दनकौर, रबूपुरा, नॉलेज पार्क और ईकोटेक-3 थाने शामिल हैं। इन थानों में आवश्यक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में गंभीर चूक पाई गई है, जिससे प्रशासन की छवि भी प्रभावित हुई है।
बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए। कहा गया कि कांवड़ यात्रा के रूट का बारीकी से सर्वे किया जाए ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। साथ ही त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थानों को पहले से तैयार रहने के आदेश दिए गए हैं।
कमिश्नर ने यह भी साफ कर दिया कि जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। पुलिस विभाग में यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश मानी जा रही है कि अब किसी भी प्रकार की शिथिलता पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Location : Gautam Buddh Nagar
Published : 22 June 2025, 2:02 PM IST
Topics : Gautam Buddh Nagar police news law and order review Noida Noida police post incharge suspended Noida police suspension UP police disciplinary action
No related posts found.