हिंदी
गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं समेत पूरे राज्य के लिए एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट अब अंतिम चरण में है। गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण 29 अप्रैल को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई जिले से इसका उद्घाटन करेंगे, जिससे प्रदेश को विकास की नई गति मिलने की उम्मीद है।
यह एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुदापुर दांदू तक जाएगा। लगभग 594 किलोमीटर लंबा यह 6-लेन एक्सप्रेसवे 12 जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगा। भविष्य में इसे 8-लेन तक विस्तारित करने की भी योजना है।
बदायूं में इस एक्सप्रेसवे का लगभग 92 किलोमीटर हिस्सा पड़ता है, जो दातागंज और बिसौली तहसील के करीब 195 गांवों को जोड़ता है। जिले में बनकोटा, बिनावर, घटपुरी और दातागंज के पास 4 इंटरचेंज बनाए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
शाहजहांपुर के पास एक औद्योगिक गलियारा भी विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में बड़े उद्योगों की स्थापना होगी। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। किसानों और छोटे व्यापारियों को भी अपनी उपज मंडियों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
यह एक्सप्रेसवे 120 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड के साथ तैयार किया गया है। सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, पुलिस चौकियां, एंबुलेंस और ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था की गई है। ड्राइविंग को सुरक्षित बनाने के लिए रंबल स्ट्रिप्स भी लगाए गए हैं ताकि थकान या नींद की स्थिति में दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज का सफर, जो पहले 10-12 घंटे का होता था, अब घटकर लगभग 6-7 घंटे का रह जाएगा। इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि व्यापार, लॉजिस्टिक्स और कृषि उत्पादों की सप्लाई चेन भी मजबूत होगी।
गंगा एक्सप्रेसवे की आधारशिला 18 दिसंबर 2021 को रखी गई थी। अब इसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश के विकास इतिहास में एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। यह प्रोजेक्ट राज्य को तेज रफ्तार कनेक्टिविटी और औद्योगिक विस्तार की दिशा में आगे ले जाएगा।
Location : Budaun
Published : 28 April 2026, 12:33 PM IST