खूबसूरत लड़की से दोस्ती पड़ी भारी, मीठी-मीठी बातों में फंसाकर ठगे 50 लाख रुपये, जानिए कैसे लगा चूना

जब पीड़ित ने रकम वापस लेनी चाही तो उसे टालमटोल किया गया। बाद में उसे समझ आया कि उसके साथ ठगी हो चुकी है। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में महिला और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 July 2025, 2:55 PM IST
google-preferred

Hapur News: ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक नया मामला हापुड़ जनपद में सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक महिला ने युवक से 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का यह मामला थाना पिलखुवा क्षेत्र का है, जहां महिला ने खुद को वित्तीय निवेश फर्म की कर्मचारी बताते हुए पीड़ित को जलोरा पोर्टल में निवेश करने का लालच दिया। शुरू में मुनाफा दिखाकर भरोसा जितने के बाद आरोपियों ने बड़ी रकम हड़प ली।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, अब जब पीड़ित ने रकम वापस लेनी चाही तो उसे टालमटोल किया गया। बाद में उसे समझ आया कि उसके साथ ठगी हो चुकी है। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में महिला और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, वाट्सऐप पर बना भरोसा

थाना पिलखुवा क्षेत्र के छिपीवाड़ा तीन मूर्ति के पास रहने वाले संजीव कुमार सैनी कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर अंजलि शर्मा नाम की एक महिला के संपर्क में आए। पहले दोनों के बीच सामान्य बातचीत शुरू हुई, फिर धीरे-धीरे संवाद मैसेजिंग एप वाट्सऐप पर शिफ्ट हो गया। बातचीत की नियमितता और भावनात्मक जुड़ाव ने जल्द ही दोस्ती का रूप ले लिया।

जलोरा पोर्टल में निवेश का लालच

कुछ दिन बाद अंजलि शर्मा ने खुद को जलोरा पोर्टल नामक एक फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट कंपनी की कर्मचारी बताया। उसने संजीव को बताया कि यह एक अत्यंत लाभदायक निवेश मंच है, जहां निवेश करने पर तेजी से मोटा मुनाफा मिलता है। संजीव निवेश के लिए राजी हो गए।

शुरुआती लाभ से बढ़ा विश्वास, फिर हड़पे गए 50 लाख

पीड़ित ने पुलिस को शिकायत में बताया कि पहले निवेश पर उसे थोड़ा-बहुत लाभ मिला भी। जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। अंजलि और उसके साथियों ने इसी भरोसे का फायदा उठाया और उसे धीरे-धीरे 50 लाख रुपये तक निवेश कराने में सफल हो गए। संजीव को लगातार यह यकीन दिलाया जाता रहा कि निवेश पर शानदार रिटर्न मिलेगा और जल्दी ही वह बड़ी रकम कमा लेंगे।

रकम निकालने पर हुआ खुलासा, साइबर क्राइम थाने में शिकायत

जब संजीव ने पोर्टल से अपनी जमा पूंजी निकालनी चाही तो उन्हें बार-बार बहाने बनाकर टाल दिया गया। तकनीकी समस्याओं और कंपनी की नीति का हवाला दिया गया। कई दिन तक टालमटोल के बाद संजीव को शक हुआ कि उनके साथ धोखा हो चुका है। उन्होंने तत्काल थाना साइबर क्राइम में जाकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंजलि शर्मा और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Location : 
  • Hapur

Published : 
  • 7 July 2025, 2:55 PM IST