हिंदी
सहजनवां थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से 85 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज… पढिए पूरी खबर
गोरखपुर में 85 हजार की ठगी
Gorakhpur: सहजनवां थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से 85 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
क्या है पूरी घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, सहजनवां थाना क्षेत्र के सहबाजगंज निवासी महेंद्र प्रताप सिंह पुत्र रामनाथ सिंह को विदेश भेजने का झांसा देकर कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंदपुर निवासी परविंदर पुत्र शिवलाल पासवान ने अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही विदेश में नौकरी दिलवा देगा। इस पर विश्वास करते हुए पीड़ित ने आरोपी के कहने पर उसके साथियों के खातों में कुल 98 हजार रुपये जमा कर दिए।
कुशीनगर के बैंक खातों में ट्रांसफर
बताया जा रहा है कि यह रकम इलताफ पुत्र शकूरल्लाह निवासी टोला मुकुंदपुर, जिला महाराजगंज तथा इब्राहिम पुत्र बेचू निवासी वार्ड नंबर 13 सुभाष नगर, थाना कप्तानगंज, जिला कुशीनगर के बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई। आरोपी द्वारा पैसे जमा कराने की रसीद भी पीड़ित को दी गई, जिससे उसे भरोसा हो गया कि प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
Budaun Double Murder Case: आरोपी पर फिर हुई कार्रवाई, प्रशासन ने उठाया ये बड़ा कदम
शिकायत कर न्याय की गुहार
लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी न तो पीड़ित को विदेश भेजा गया और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देने लगा। इससे परेशान होकर पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के आदेश पर सहजनवां पुलिस ने आरोपी परविंदर पुत्र शिवलाल पासवान के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर विदेश भेजने के नाम पर हो रही ठगी के बढ़ते मामलों की ओर ध्यान खींचा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।