फटकार के बाद जांच टीम परसौना पहुंची, भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइलें ही गायब, बड़ी लापरवाही उजागर

परसौना गांव में भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच करने पहुंची टीम के सामने बड़ा खुलासा, भुगतान से जुड़ी अहम फाइलें ही नहीं ला सके जिम्मेदार अधिकारी, एक हफ्ते में रिपोर्ट देने के निर्देश।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 April 2026, 6:13 PM IST

Maharajganj: महराजगंज जिले के परसौना गांव में विकास कार्यों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद उच्चाधिकारियों की फटकार पर जांच टीम शनिवार को गांव पहुंची। लेकिन जांच के दौरान ही बड़ी लापरवाही सामने आ गई, जब ग्राम विकास अधिकारी और सचिव जरूरी फाइलें ही साथ लाना भूल गए।

जांच टीम में जिला सांख्यिकी अधिकारी निरंकार चौधरी, जिला पंचायत के जेई रफीउल्ला खान और सचिव अनुराग ठाकुर शामिल रहे। टीम ने सुबह करीब 10 बजे से जांच शुरू की, जो दोपहर 3 बजे तक चली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के पास संबंधित फाइलें मौजूद नहीं थीं।

UP Home Gaurd Exam 2026: महराजगंज डीएम-एसपी का सख्त रुख, केंद्रों का औचक निरीक्षण

सचिव फाइल ही नहीं ला सके

बताया गया कि गांव में 90 स्ट्रीट लाइटों के भुगतान का रिकॉर्ड जांच के दौरान मांगा गया, लेकिन सचिव इसकी फाइल ही नहीं ला सके। इसके अलावा हैंडपंप रिबोर से संबंधित फाइलें भी उपलब्ध नहीं कराई गईं। पंचायत भवन और स्कूल के कायाकल्प कार्यों से जुड़ी एस्टीमेट फाइलें भी जांच टीम को नहीं मिलीं।

हालांकि, मौके पर केवल रिबोर से संबंधित 6 फाइलें ही प्रस्तुत की गईं, जो अधूरी जांच का संकेत दे रही हैं। भुगतान और कार्य से जुड़ी अहम फाइलों के अभाव में जांच टीम ने नाराजगी जताई और सभी संबंधित दस्तावेज तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

महराजगंज में दंबगों ने दुकानदार को लाठी डड़ों से पीटा, जान से मारने की दी धमकी

जांच टीम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी फाइलों को जिला मुख्यालय पर तलब किया है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर पूरी जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटनाक्रम से ग्राम पंचायत में हुए कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  25 April 2026, 6:13 PM IST