हिंदी
सफाईकर्मी को लगी गोली
Budaun : वजीरगंज थाना क्षेत्र के रोटा गांव में सोमवार को एक कथित ब्लैकमेल विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। गांव के चौराहे पर दो पक्षों के बीच बातचीत के लिए जुटे लोगों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इसी दौरान ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे ग्राम पंचायत के एक सफाई कर्मचारी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव की एक युवती को गांव का ही एक युवक कथित तौर पर ब्लैकमेल कर रहा था। जब इस बात की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने युवक से बात कर मामला सुलझाने की कोशिश की। हालांकि, बातचीत से समाधान नहीं निकला और विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि युवक ने अपने बहनोई अभिषेक, निवासी नेकपुर (बदायूं), को फोन कर बुलाया। इसके बाद अभिषेक अपने कुछ साथियों के साथ बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे स्थित रोटा चौराहे पर पहुंच गया। जहां दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
चौराहे पर पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान ग्राम पंचायत सरोरिया में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात 45 वर्षीय अगरपाल, पुत्र नेकराम, ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। फायरिंग के दौरान एक गोली उनके पैर में जा लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। परिजनों का कहना है कि उनका इस विवाद से कोई संबंध नहीं था और वह महज राहगीर थे।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फायरिंग के आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है और लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 27 July 2026, 7:52 PM IST
Topics : Blackmail Case Budaun News crime news Wazirganj