हिंदी
Meerut Jail (Image: Social Media)
Meerut News: सोशल मीडिया पर टशन दिखाने के लिए बनाई गई एक रील अब पांच युवकों पर भारी पड़ गई। मेरठ जिला जेल के बाहर हरियाणवी गाने ‘एक खटोला जेल के भीतर…’ पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करना युवकों को महंगा पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच की और पांच युवकों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। पुलिस के मुताबिक, रील बनाने वाले युवक जेल में बंद पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा से मुलाकात करने जिला जेल पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जेल से बाहर निकलते समय युवकों ने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में जिलाबदर हिस्ट्रीशीटर नदीम मेवाती का भाई शहजाद मेवाती भी नजर आ रहा है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, शुक्रवार को पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो आया था। इसमें पांच युवक मेरठ जिला जेल के बाहर हरियाणवी गाने पर रील बनाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में जेल की ऊंची दीवारें और मुलाकात के लिए इंतजार करते लोग भी नजर आ रहे थे। पुलिस ने जांच की तो वीडियो मेरठ जिला जेल के बाहर का पाया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह रील बनाकर दहशत या टशनबाजी का माहौल बनाने की कोशिश करना कानून व्यवस्था के लिहाज से गंभीर मामला है।
वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जांच शुरू की गई। इनमें से एक युवक की पहचान शहजाद मेवाती के रूप में हुई। इसके बाद मेडिकल थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब वीडियो में नजर आ रहे बाकी युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रील बनाने का उद्देश्य क्या था और वीडियो के जरिए किसी तरह का दबदबा या भय पैदा करने की कोशिश की गई थी या नहीं।
फिरोज उर्फ भूरा फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मेरठ जिला जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, उस पर पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद में सराय बहलीम इलाके में असलम पहलवान के घर फायरिंग और धमकी देने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, शहजाद मेवाती अपने साथियों के साथ भूरा से मिलने जेल पहुंचा था। भूरा के जेल जाने के बाद पुलिस उसके कथित साथी अदनान की भी तलाश कर रही है। आरोप है कि असलम पहलवान को धमकी देने के दौरान अदनान भी भूरा के साथ था। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि अदनान मोबाइल फोन चला रहा है और पुलिस अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस फिरोज उर्फ भूरा की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, उसके परिवार के खिलाफ पहले से गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल वायरल रील के मामले में पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान, उनकी भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Location : Meerut
Published : 12 September 2026, 8:53 PM IST