
प्रतीकात्मक छवि
फतेहपुर: जनपद के असोथर थाना क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हादसा कोर्रा मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार मोरंग लदे ट्रक ने बाइक सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मृतक की पहचान हैदरमऊ गांव निवासी रामनरेश उर्फ कजरा (45) के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोर्रा मोड़ के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनरेश ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह कुचले गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना जैसे ही इलाके में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि मोरंग लदे ओवरलोड ट्रक आए दिन तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर आंख मूंदे बैठा है और ट्रकों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मृतक की घायल पत्नी
परिजनों ने मृतक के शव को उठाने से इनकार कर दिया और प्रशासन से मांग की कि फरार ट्रक चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
सूचना पाकर मौके पर असोथर थाने की पुलिस टीम और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी प्रयास के बाद लोग शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का कहना है कि ट्रक की पहचान की जा रही है और फरार चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। हादसे की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ट्रकों की आवाजाही पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।
Location : Fatehpur
Published : 6 June 2025, 1:22 PM IST