हिंदी
एटा में 5 यात्रियों की दर्दनाक मौत (Img: Pinterest)
Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एटा-अलीगंज मार्ग पर गांव कीलरमऊ के पास सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस को तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद के नवाबगंज से दिल्ली जा रही थी। रात करीब 10:45 बजे बस के अगले पहिये में खराबी आने पर चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। गर्मी के कारण कई यात्री नीचे उतरकर बस के आसपास खड़े हो गए थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस करीब 50 मीटर तक आगे घिसटती चली गई। बस के आसपास खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। कुछ यात्री सड़क पर घिसट गए, जबकि कुछ बस के नीचे दब गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे में शैलेष, सतेंद्र, आशीष और राजेश समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
कैप मिली, आंखें नम हुईं… वैभव ने डेब्यू की खुशखबरी सबसे पहले किसे सुनाई?
घटना के करीब 25 मिनट बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। एक साथ कई घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अतिरिक्त डॉक्टरों को बुलाकर घायलों का उपचार शुरू कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह, एसएसपी डॉ. इलामारन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्य की निगरानी की और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
बेटी की डोली उठने से पहले ही जल गया अरमानों का दहेज, मुजफ्फरनगर में भीषण आग से नफीसा का सब कुछ राख
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर चालक खड़ी बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
Location : Etah
Published : 5 July 2026, 12:00 PM IST
Topics : Etah Accident Road Accident UP News