मुझे इंसाफ चाहिए… कहते हुए युवक ने कलेक्ट्रेट में खुद पर पेट्रोल डाला, फिर जो हुआ उसने सबको चौंकाया

एटा कलेक्ट्रेट में एक युवक ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्महत्या की कोशिश कर दी। कुछ ही सेकंड में पूरा परिसर अफरा-तफरी में बदल गया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 July 2026, 7:46 PM IST
google-preferred

Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक वहां पहुंचा और अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। युवक की इस हरकत से मौके पर मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

वीडियो बनाते हुए सुसाइड का प्रयास

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक लगातार वीडियो बनाते हुए अपनी बात रिकॉर्ड कर रहा था। इसके बाद उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि, कलेक्ट्रेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और किसी तरह बड़ी घटना होने से पहले ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

ये भी पढ़ें- महिला को बनाया ढाल, लेकिन बच नहीं पाए… 10 लाख के गांजे के साथ ऐसे खुला तस्करी का बड़ा खेल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को कुछ देर के लिए घेर लिया गया ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली कि समय रहते युवक को बचा लिया गया।

मौके पर पहुंचे एडीएम

मामले की जानकारी मिलते ही एडीएम प्रशासन संगम लाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: एक डुबकी और फिर नहीं लौटे… 24 घंटे बाद घोंघी नदी ने लौटाया मकालू यादव का शव

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह किसी मामले को लेकर परेशान बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि युवक से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

Location :  Etah

Published :  13 July 2026, 7:46 PM IST

Related News

Advertisement