

एटा में मुस्लिम समुदाय का पवित्र त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) बड़े ही उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट में पढ़िए ईद-उल-अजहा और क्या खास रहा।
ईद-उल-अजहा
एटा: जनपद एटा में मुस्लिम समुदाय का पवित्र त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) बड़े ही उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिले भर के ईदगाहों और मस्जिदों में मंगलवार सुबह विशेष नमाज अदा की गई, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन, शांति और खुशहाली की दुआएं मांगी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, शहर की प्रमुख ईदगाहों—कसाई कटरा, नेहरू नगर, घंटाघर, और शाहपुर ईदगाह में अल सुबह से ही नमाज अदा करने वालों का जमावड़ा लगने लगा था। नमाज का आयोजन पूरी सौहार्द्रपूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। इमामों ने अपने खुतबे (उपदेश) में कुर्बानी के महत्व, सामाजिक एकता, भाईचारे और देश की तरक्की के लिए प्रार्थना की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
ईद-उल-अजहा
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम
ईद-उल-अजहा के अवसर पर एसएसपी श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी की मदद से भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी गई। थानाध्यक्षों और पुलिस अधिकारियों ने खुद मौके पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक, सभी स्थानों पर त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक पहनावे में शिरकत की। छोटे बच्चों में विशेष रूप से नए कपड़े पहनने और सेवइयों व पकवानों को लेकर उत्साह देखा गया।
विशेष निगरानी की गई
ईद-उल-अजहा के मौके पर नगर पालिका, विद्युत विभाग और जलकल विभाग की ओर से भी समुचित व्यवस्थाएं की गईं थीं। साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और बिजली की सुविधा बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की गई।
ईद की नमाज के बाद लोगों ने अपने-अपने घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की और जरूरतमंदों के बीच मांस और उपहार वितरित किए। यह पर्व बलिदान, सेवा और इंसानियत के मूल्यों को समर्पित है, जिसे एटा के नागरिकों ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ मनाया।
ईद-उल-अजहा के मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा समन्वयपूर्वक व्यवस्था किए जाने की सराहना करते हुए आमजन ने धन्यवाद व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में त्योहार मनाना एक सुखद अनुभव रहा।