हिंदी
डाइनामाइट न्यूज़ की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
Deoria: दिल्ली में हुए बम धमाके ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रहने वाला एक युवक भी घायल हुआ है। जिले के भलुअनी निवासी कपड़ा कारोबारी शिवा जायसवाल इस धमाके में बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद से ही गांव में दुआओं का सिलसिला जारी है। लोग मंदिरों में दीप जला रहे हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ की टीम पीड़ित के घर पहुंची। डाइनामाइट न्यूज़ की जांच में पता चला है कि शिवा जायसवाल भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष माया जायसवाल के इकलौते पुत्र हैं। 9 नवंबर को वह कपड़ों की खरीदारी के लिए देवरिया से दिल्ली गए थे। 11 नवंबर की शाम करीब 6:52 बजे लाल किला क्षेत्र के पास हुए कार ब्लास्ट में वह घायल हो गए।
Delhi Blast Update: लाल किला ब्लास्ट में अब तक के सबसे बड़े खुलासे, जानिए जांच से जुड़ी हर अहम बात
घटना के वक्त बाजार में थे शिवा
शिवा अपनी बड़ी बहन पूर्णिमा जायसवाल के घर पर ठहरे हुए थे। मंगलवार की शाम वह रेडीमेड कपड़ों की खरीददारी के लिए बाजार निकले थे। उसी दौरान जब वह कारों के पास पहुंचे, तभी धमाका हो गया। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए। मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, देवरिया में कोहराम मच गया। रात करीब 11 बजे परिजनों को हादसे की जानकारी मिली। परिवार वाले पूरी रात टीवी चैनलों और सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली की खबरें खंगालते रहे। बाद में जब यह पता चला कि शिवा की हालत खतरे से बाहर है तो परिवार ने राहत की सांस ली।
गृह मंत्री ने ली जानकारी
गृह मंत्रालय ने इस पूरे मामले पर नजर रखी है। गृह मंत्री ने दिल्ली प्रशासन से घायलों की स्थिति और इलाज की जानकारी तलब की। बताया गया है कि शिवा को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम, मां बीमार
शिवा के परिवार में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है। उनकी मां माया जायसवाल पहले से ही गंभीर रूप से बीमार हैं और अहमदाबाद में इलाज कराने गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत दिल्ली रवाना हो गई। शिवा की पत्नी पिंकी जायसवाल, तीन वर्षीय बेटे सूर्यांश और एक वर्षीय बेटी लाडो के साथ भलुअनी स्थित घर पर हैं। पूरे गांव के लोग लगातार उनके घर पहुंचकर ढांढस बंधा रहे हैं।
गांव में दुआओं का दौर
भलुअनी गांव में बुधवार को पूरे दिन शिवा की सलामती के लिए पूजा-पाठ और दुआएं की जाती रहीं। कई सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने भी एकजुट होकर शिवा के परिवार को हर संभव मदद देने की बात कही है। गांव के लोगों का कहना है कि शिवा एक मिलनसार और मेहनती युवक हैं। वे कई वर्षों से रेडीमेड कपड़ों का कारोबार कर रहे हैं और दिल्ली जाकर माल खरीदना उनकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि इस बार की दिल्ली यात्रा उनके लिए इतनी भयावह साबित होगी।
पूरे जिले में चर्चा
जैसे ही यह खबर फैली कि दिल्ली ब्लास्ट में देवरिया के एक युवक घायल हुआ है, पूरे जिले में चिंता की लहर दौड़ गई। स्थानीय नेताओं और व्यापारियों ने अस्पताल से संपर्क साधने की कोशिश की। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शिवा की सलामती की अपील करते हुए पोस्ट डाले हैं।
फिलहाल शिवा का इलाज दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति अब स्थिर है, लेकिन कुछ समय तक निगरानी में रखा जाएगा।
Location : Deoria
Published : 12 November 2025, 6:07 PM IST
Topics : Delhi Blast Deoria News Dynamite Exclusive Red Fort