हिंदी
पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार (img: Dynamite News)
Balrampur: उत्तरप्रदेश के बलरामपुर जिले में खड़े ट्रकों और भारी वाहनों के तेल टैंक तोड़कर डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का कोतवाली देहात पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 210 लीटर डीजल, तेल निकालने वाली तीन पाइपें, एक XUV-500 और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
मामला चितईपुर निवासी गणेश सोनकर के घर के बाहर खड़े 24 चक्का ट्रक से जुड़ा है। रात के समय अज्ञात चोरों ने ट्रक का लॉक तोड़कर तेल टैंक से डीजल निकाल लिया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित शक्ति स्मारक स्कूल के पास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीन युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का डीजल बेचने और खरीदने की फिराक में थे।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डीजल खरीदने वाले उनके चौथे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें: Roorkee Double Murder: भाई ने बहन और पड़ोसी युवक को मारी गोली, प्रेम प्रसंग के शक से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से छह पिपियों में करीब 210 लीटर डीजल, तेल निकालने वाली तीन पाइपें, एक XUV-500 कार और दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद निवासी रनियापुर, गोंडा, शाने अली निवासी विशेश्वरगंज, बहराइच, रामतेज निवासी केशवापुर, श्रावस्ती और वेद प्रकाश निवासी भवानीपुर, गोंडा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, वाहिद, शाने अली और रामतेज के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Location : Balrampur
Published : 26 September 2026, 6:38 PM IST
Topics : Balrampur balrampur news balrampur police UP News