देवरिया में पुलिस का बड़ा एक्शन, 140 वाहनों के चालान और 2 सीज! इन नियमों को तोड़ना पड़ा भारी

देवरिया में यातायात माह के तहत पुलिस ने 3 नवंबर को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। बिना हेलमेट, तीन सवारी, ओवरस्पीडिंग और सड़क पर बस-ऑटो खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 140 वाहनों का चालान किया गया और दो वाहन सीज किए गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 November 2026, 5:28 PM IST

Deoria: देवरिया में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कहीं सड़क पर बस और ऑटो खड़े कर सवारी बैठाई जा रही थी, तो कहीं तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाए जा रहे थे। यातायात माह के तहत चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने कुल 140 वाहनों का चालान किया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी और अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

कचहरी चौराहे पर बस-ऑटो चालकों पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में 3 नवंबर को यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। बस स्टैंड और कचहरी चौराहे पर सड़क पर बस और ऑटो खड़े कर सवारी बैठाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति बनती है और राहगीरों को परेशानी होती है। इसी को देखते हुए ऐसे वाहन चालकों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई।

देवरिया में विकास कार्यों की पोल खुली: बिना पानी निकाले कराया जा रहा था नाला निर्माण, ग्रामीणों का हंगामा

बिना हेलमेट और तीन सवारी पर काटे चालान

बस स्टैंड पर दोपहिया वाहनों की भी जांच की गई। बिना हेलमेट बाइक चलाने और एक ही बाइक पर तीन सवारी बैठाने वालों के चालान काटे गए। इसके अलावा ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस प्रमाणपत्रों की जांच की गई। वैध दस्तावेजों के बिना वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ सीज करने की कार्रवाई की गई।

देवरिया में पुलिस का बड़ा एक्शन (IMG: Dynamite News)

इंटरसेप्टर से ओवरस्पीडिंग की निगरानी

सलेमपुर रोड पर इंटरसेप्टर वाहन के जरिए तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी की गई। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए। वहीं, भटवलिया स्टैंड पर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से संवाद कर उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

मरीजों के लिए लगे RO प्लांट से स्टेबलाइजर चोरी, देवरिया में बेचने निकले दो आरोपी गिरफ्तार

यातायात पुलिस के अनुसार, पूरे अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 140 वाहनों का चालान किया गया और दो वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, बाइक पर तीन सवारी न बैठाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। साथ ही बस और ऑटो चालकों को सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करने की हिदायत दी।

Location :  Deoria

Published :  3 November 2026, 5:28 PM IST