हिंदी
सेप्टिक टैंक में गिरकर चार वर्षीय बच्चे की मौत (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में विकास खंड बैतालपुर की ग्राम पंचायत उधोपुर में शौचालय निर्माण के दौरान सेप्टिक टैंक में गिरने से करीब चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें विकास खंड गौरीबाजार से संबद्ध किया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत उधोपुर निवासी गीता देवी पत्नी दीनानाथ प्रसाद को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की गई थी। क्षेत्र में वाटर लॉगिंग की समस्या को देखते हुए लाभार्थी द्वारा शौचालय के लिए सेप्टिक टैंक का निर्माण कराया जा रहा था।
इसी निर्माण कार्य के दौरान करीब चार वर्षीय बच्चा सेप्टिक टैंक में गिर गया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही आकस्मिक मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच कराई गई।
जांच के दौरान सेप्टिक टैंक का निर्माण निर्धारित मानकों की तुलना में काफी बड़ा पाए जाने की बात सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण की निगरानी और संबंधित कार्य में ग्राम पंचायत अधिकारी की भूमिका की भी जांच की गई।
जांच में ग्राम पंचायत अधिकारी पर अपने पर्यवेक्षणीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, लाभार्थी की ओर से भी निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण कराए जाने को हादसे का प्रमुख कारण माना गया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के 7 अक्टूबर 2026 के अनुमोदन के क्रम में ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन अवधि में उन्हें विकास खंड गौरीबाजार से संबद्ध किया गया है।
मामले की विभागीय जांच के लिए सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (प्राविधिक), देवरिया को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी को नियमानुसार आरोप पत्र तैयार कर सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद संबंधित कर्मचारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही जांच अधिकारी को एक माह के भीतर अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया है। विभागीय जांच में पर्यवेक्षणीय लापरवाही और निर्माण मानकों के उल्लंघन से जुड़े तथ्यों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 8 October 2026, 7:44 PM IST
Topics : Deoria News Four Year Old Child Death Gram Panchayat officer suspended Septic Tank Accident Swachh Bharat Mission