हिंदी
गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के रुद्रपुर–नारायनपुर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। इस महत्वपूर्ण सड़क पर एक दर्जन से अधिक गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जो हर गुजरने वाले वाहन चालक और राहगीर के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन साधे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सड़क की बदहाली और गड्ढों की जानकारी दी गई, लेकिन आज तक कोई मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो।
यह सड़क देवरिया जनपद को पड़ोसी जनपद से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस मार्ग से बसें, ट्रक, एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ गई है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग की होगी।
क्षेत्रीय नागरिकों मे संजय लाल श्रीवास्तव, रामजी राव, सत्येंद्र राव, सभापति प्रसाद, चंद्रशेखर जायसवाल, राजू तिवारी, विनय यादव, रामजी यादव, अजय राव, सुनील श्रीवास्तव पूर्व ग्राम प्रधान शीतल माझा, संतोष राव, सहित क्षेत्र के काफी संख्या में लोगों ने इसकी शिकायत की परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि आम जनता को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
लोगों का कहना है कि विकास के दावों के बीच इस प्रमुख मार्ग की बदहाल तस्वीर विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
Location : Deoria
Published : 23 July 2026, 3:13 PM IST
Topics : Deoria News PWD Deoria Road Damage Road Accident UP News