हिंदी
रुद्रपुर के नए कप्तान राजकुमार गुप्ता (सोर्स- रिपोर्टर)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की अति-संवेदनशील और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण रुद्रपुर तहसील को आखिरकार अपना नया प्रशासनिक मुखिया मिल गया है। तेजतर्रार पीसीएस अधिकारी राजकुमार गुप्ता ने शुक्रवार को रुद्रपुर के नए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है।
पूर्व एसडीएम अवधेश कुमार निगम के फिरोजाबाद तबादले के बाद से खाली पड़े इस पद पर राजकुमार गुप्ता की नियुक्ति को क्षेत्र के विकास और आगामी बाढ़ सत्र के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पद संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं से साफ कर दिया है कि वे केवल दफ्तर में बैठकर फाइलें निपटाने वाले अफसर नहीं हैं।
मूल रूप से पड़ोसी जनपद कुशीनगर के छितौनी के रहने वाले राजकुमार गुप्ता की कहानी ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रशासनिक सेवाओं के शीर्ष पर पहुंचने की एक प्रेरणादायक दास्तान है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा छितौनी की मिट्टी में हुई, जिसके बाद उन्होंने गोरखपुर के प्रतिष्ठित एम.जी. कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।
आगे बढ़ते हुए उन्होंने भाटपार रानी डिग्री कॉलेज से स्नातक और फिर कानपुर से स्नातकोत्तर की उच्च शिक्षा हासिल की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा के गढ़ इलाहाबाद (प्रयागराज) का रुख किया, जहां उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई। वर्ष 2012 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा पास कर वे नायब तहसीलदार बने और अपनी बेहतरीन कार्यशैली के दम पर वर्ष 2023 में पदोन्नत होकर एसडीएम बने।
रुद्रपुर तहसील का कछारांचल क्षेत्र हर साल नदियों के उफान और बाढ़ की विभीषिका से त्रस्त रहता है। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने स्पष्ट कर दिया कि इस बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और इसके निवासियों का बचाव उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा धरातल पर जाकर की जाएगी ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका मुख्य संकल्प है।
क्षेत्र में पेंडिंग पड़े जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर भी नए एसडीएम ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने राजस्व कर्मियों को समयबद्ध तरीके से विवादों के निस्तारण के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता को कचहरी के चक्कर न काटने पड़ें।
गुप्ता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि तहसील परिसर में बिचौलियों का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और जनसुनवाई के जरिए आम नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी दैनिक कार्यशैली का हिस्सा रहेगा।
Location : Deoria
Published : 17 July 2026, 4:30 PM IST
Topics : Deoria News PCS officer Rudrapur SDM UP News