देवरिया में दर्दनाक हादसा: महादेव के दर्शन को निकले बिजलीकर्मी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

महादेव के दर्शन की आस लेकर निकले देवरिया के एक बिजलीकर्मी का सफर दर्दनाक हादसे के बाद कभी घर नहीं लौट सका। वाराणसी में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए विकास मणि त्रिपाठी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 39 वर्षीय विकास की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 8 October 2026, 10:56 PM IST

Deoria:  रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डहरौली बुजुर्ग निवासी मंजुल मणि त्रिपाठी के 39 वर्षीय पुत्र विकास मणि त्रिपाठी की वाराणसी में सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। विकास मणि त्रिपाठी बिजली विभाग में संविदा पर मीटर रीडिंग का कार्य करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार विकास मणि त्रिपाठी अपनी पत्नी मीना देवी के साथ ट्रेन से मारकंडेय महादेव मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। गुरुवार की भोर करीब 4:30 बजे ट्रेन से उतरने के बाद पति-पत्नी दोनों ऑटो में बैठकर मारकंडेय धाम की ओर रवाना हुए। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार यात्री इधर-उधर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती

हादसे के समय विकास मणि त्रिपाठी ऑटो की आगे वाली सीट पर बैठे थे। टक्कर में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी मीना देवी बदहवास हो गईं। उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही माता किरन देवी पिता मंजुल मणि सहित पूरे डहरौली बुजुर्ग गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तत्काल वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी पर देवरिया में महा-संग्राम: कांग्रेस का ‘काला दिवस’, सड़क से संसद तक आंदोलन की चेतावनी

पुलिस की कार्रवाई

वाराणसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजन शव को लेकर , वाराणसी के गंगा नदी के घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पिता मंजुल मणि त्रिपाठी ने नम आंखों से अपने पुत्र को मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

देवरिया में शौचालय निर्माण बना मासूम का काल, सेप्टिक टैंक में गिरकर 4 साल के बच्चे ने तोड़ा दम

गांव में छाया सन्नाटा

विकास मणि त्रिपाठी तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी असमय मौत से परिवार के साथ-साथ गांव में भी गहरा दुख व्याप्त है। दर्शन के लिए निकले विकास की हादसे में मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

Location :  Deoria

Published :  8 October 2026, 10:49 PM IST