देवरिया में भीषण आग: होजरी और जूते की दुकान जलकर राख, जान बचाने को 30 फीट से कूदे पिता-पुत्र

देवरिया के रुद्रपुर बस स्टेशन क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से होजरी और जूते की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से बचने के लिए दुकान मालिक और उनका बेटा 30 फीट ऊंचाई से कूद गए। हादसे में लाखों का सामान जल गया और दुकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

Updated : 21 May 2026, 11:19 AM IST
google-preferred

Deoria: जिले के रुद्रपुर कस्बे में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। बस स्टेशन क्षेत्र स्थित एक होजरी और जूते की दुकान तथा उससे जुड़े गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

जान बचाने के लिए छत से कूदे पिता-पुत्र

आग लगने के दौरान दुकान मालिक राजेन्द्र गुप्ता और उनका बेटा भवन में फंस गए थे। आग तेजी से फैलने लगी तो दोनों ने जान बचाने के लिए करीब 30 फीट ऊंचाई से छत से छलांग लगा दी। इस दौरान दुकान मालिक राजेन्द्र गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।

Deoria: चौकी इंचार्ज पर तस्करों ने चढ़ाई गाड़ी, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए जनपद मुख्यालय स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। बेटे को भी चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर नगर पंचायत के लालाटोली वार्ड निवासी राजेन्द्र गुप्ता की बस स्टेशन के पास एक मकान में होजरी और जूते की दुकान संचालित होती है। बुधवार रात करीब डेढ़ बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग दुकान तक पहुंच गई और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

Deoria news

आग में स्वाहा हुआ सामान (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देख शोर मचाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा एक भी सामान नहीं बच सका। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका था।

व्यापारियों में दहशत और चिंता

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही आग की घटनाओं से बाजार क्षेत्र में डर का माहौल बन गया है। इस हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है।

Deoria: शादी समारोह से घर आ रहे युवक की जानें कैसे हुई मौत

व्यापारियों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी खजुआ चौराहा जाने वाली सड़क पर आग लगने की एक बड़ी घटना हुई थी, जिसमें भारी नुकसान हुआ था। अब एक बार फिर बाजार क्षेत्र में आग लगने से सुरक्षा व्यवस्था और बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जांच में जुटा प्रशासन

घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।

Location :  Deoria

Published :  21 May 2026, 11:19 AM IST

Related News

Advertisement