हिंदी
पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: जनपद में अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर पंचायत मित्रों (ग्राम रोजगार सेवकों) का गुस्सा फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में जिले भर से आए पंचायत मित्र विकास भवन परिसर में एकत्र हुए। यहाँ उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में और सरकार के ढुलमुल रवैये के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। विकास भवन में प्रदर्शन करने के बाद सभी पंचायत मित्र एकजुट होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहाँ उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा और अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन कर रहे पंचायत मित्रों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को रोजगार सेवकों के भविष्य को सुरक्षित और सुरक्षित करने के लिए एक उचित मानव संसाधन नीति (HR Policy) का निर्धारण किए जाने की घोषणा की गई थी। लेकिन इस घोषणा के इतने समय बीत जाने के बाद भी आज तक इस संबंध में कोई ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।
Deoria News: कागजों में दौड़ रहा विकास, गांवों में बदहाली की तस्वीर; जमीनी हकीकत ने खोली पोल
पंचायत मित्रों ने सरकार से मांग की है कि उनके भविष्य को अधर में न छोड़ा जाए और पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार जल्द से जल्द मानव संसाधन नीति को लागू किया जाए, ताकि रोजगार सेवकों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
पंचायत मित्रों ने जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों पर जल्द ही सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया और कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करने के लिए विवश होंगे। रोजगार सेवकों ने साफ कहा कि आने वाले दिनों में वे राजधानी लखनऊ का रुख करेंगे और वहाँ राजभवन, भाजपा कार्यालय तथा जवाहर भवन का पूरी ताकत के साथ घेराव करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Deoria News: अंधविश्वास की आड़ में हैवानियत, झाड़-फूंक के नाम पर महिला से दुष्कर्म
मंडल प्रभारी योगेश्वर राय, ने कहा- मुख्यमंत्री द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को रोजगार सेवकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए मानव संसाधन नीति निर्धारित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हम सरकार से मांग करते हैं कि हमारी मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। यदि हमारी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो हम राजभवन, भाजपा कार्यालय और जवाहर भवन का घेराव करने को बाध्य होंगे।"
Location : Deoria
Published : 15 June 2026, 2:56 PM IST