हिंदी
देवरिया में रेलवे टावर पर चढ़ी किशोरी (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: जनपद में प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग को लेकर एक किशोरी रेलवे स्टेशन परिसर में बने कवच टावर पर चढ़ गई। काफी देर तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर ने समझाकर उसे नीचे उतारा। बाद में गौरीबाजार थाने की पुलिस किशोरी को अपने साथ ले गई।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी गौरीबाजार थाना क्षेत्र में अपने ननिहाल में रहती है और उसका एक युवक से प्रेम संबंध था। कुछ महीने पहले युवक किशोरी को लेकर फरार हो गया था। इस मामले में किशोरी के मामा ने गौरीबाजार थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। अप्रैल 2026 में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सोमवार को किशोरी अचानक देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां रेलवे के बन रहे कवच टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़कर वह अपने प्रेमी को जेल से रिहा करने की मांग करने लगी। किशोरी का कहना था कि जब तक उसके प्रेमी को छोड़ा नहीं जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।
टावर पर किशोरी के चढ़ने की खबर मिलते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर आस मोहम्मद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद किसी तरह किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
देवरिया में विधायक ने उड़ाई ट्रैफिक नियमों की धज्जियां, जनता बोली कानून…
इसके बाद गौरीबाजार थाने की पुलिस किशोरी को अपने साथ लेकर चली गई। घटना पूरे दिन इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।
Location : Deoria
Published : 19 May 2026, 1:22 AM IST