हिंदी
गोरखपुर में दिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप में लूट (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: गोला उपनगर में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स की दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि दुकान संभाल रही नाबालिग बेटी ने न सिर्फ बदमाशों का सामना किया, बल्कि एक को पकड़कर गिरा भी दिया। हालांकि चोटिल होने के बावजूद उसकी हिम्मत के आगे बदमाश कुछ पल के लिए लड़खड़ा गए, लेकिन आखिरकार बाइक से फरार होने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 17 में डॉ. अनिल तिवारी के क्लिनिक के सामने स्थित देवांश स्वर्णकला केंद्र के संचालक राकेश वर्मा अपनी बड़ी बेटी की 29 अप्रैल को होने वाली सगाई के निमंत्रण कार्ड बांटने रिश्तेदारी गए थे। दुकान की जिम्मेदारी उनकी छोटी बेटी अमृता वर्मा संभाल रही थी।
दोपहर करीब 2:20 बजे दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और गहने दिखाने को कहा। जैसे ही अमृता ने गहने निकालकर दिखाए, एक बदमाश ने मौका पाकर लगभग 20 ग्राम के 4-5 जोड़ी कान के झाले झपट्टा मारकर उठा लिए और भागने लगा।
Gorakhpur News: गोरखपुर पुलिस लाइन में भव्य दीक्षांत परेड: 493 महिला आरक्षियों ने ली शपथ
घटना को समझते ही अमृता ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। उसने जोर-जोर से शोर मचाया और बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ी। उसने एक आरोपी को पकड़कर जमीन पर गिरा भी दिया, लेकिन बदमाश झटका देकर छूट गया। इस दौरान अमृता के हाथ में चोट भी आई, फिर भी उसने हार नहीं मानी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दूसरा साथी पहले से ही सरया सब्जी मंडी के पास, थाने के बगल में बाइक लेकर खड़ा था। दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं अमृता की बहादुरी की जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि घटना के वक्त मौजूद लोग बदमाशों को पकड़ने के लिए आगे नहीं आए।
पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना एक ओर जहां कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, वहीं दूसरी ओर एक नाबालिग बेटी की हिम्मत और साहस की मिसाल भी पेश करती है।
Location : Gorakhpur
Published : 27 April 2026, 7:04 PM IST