हिंदी
गोरखपुर ज्वेलरी शो 2026
Gorakhpur: गोरखपुर के नौका विहार स्थित Courtyard by Marriott Gorakhpur में आयोजित “गोरखपुर ज्वेलरी शो 2026” उस समय चर्चा में आ गया जब शुरुआत में मीडिया टीम को प्रदर्शनी में प्रवेश देने से रोक दिया गया। डाइनामाइट न्यूज़ की टीम जब कवरेज के लिए मौके पर पहुंची तो आयोजकों ने पहले यह कहते हुए एंट्री देने से इनकार कर दिया कि मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
हालांकि बाद में आयोजकों से बातचीत के बाद स्थिति बदली और जब उन्हें यह स्पष्ट हुआ कि टीम कवरेज के उद्देश्य से पहुंची है, तो मीडिया को प्रदर्शनी में प्रवेश और कवरेज की अनुमति दे दी गई। इसके बाद कार्यक्रम की गतिविधियों को मीडिया ने कवर किया।
इस ज्वेलरी शो में देश के अलग-अलग शहरों से आए ज्वेलरी कारोबारियों और कंपनियों ने हिस्सा लिया है। प्रदर्शनी में आधुनिक डिजाइन, नई वैरायटी और व्यापारिक नेटवर्किंग का बड़ा मंच देखने को मिला। बरेली से आई कंपनी VV Jewels के प्रतिनिधि ने बताया कि यह एक B2B (Buyer to Buyer) प्रदर्शनी है, जिसमें ज्वेलर्स आपस में नए डिजाइन, तकनीक और व्यापारिक अवसरों को साझा करते हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य देशभर के ज्वेलर्स को एक मंच पर लाना है, जहां वे अपने नए डिजाइन, प्रोडक्ट और बिजनेस आइडियाज साझा कर सकें। STAR GEM Event के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस शो का उद्देश्य केवल बिक्री नहीं, बल्कि नेटवर्किंग और इंडस्ट्री को एक दिशा देना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में आने वाले कारोबारियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है और नए डिजाइन की मांग लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi की उस अपील पर भी चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने देशवासियों से एक साल तक सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद से बचने की बात कही थी। इस पर आयोजकों ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर फैसला देशहित को ध्यान में रखकर लिया जाता है। आयोजकों के अनुसार इस अपील का बाजार पर कुछ असर जरूर पड़ा है, लेकिन इसे उन्होंने अस्थायी स्थिति बताया। उनका कहना है कि यह “मंदी का दौर” है और आने वाले समय में बाजार फिर से रफ्तार पकड़ेगा।
ज्वेलरी कारोबारियों का मानना है कि फिलहाल बाजार में थोड़ी सुस्ती जरूर है, लेकिन नए डिजाइन और बदलते ट्रेंड के साथ आने वाले समय में मांग फिर से बढ़ेगी। प्रदर्शनी में आए व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के B2B इवेंट्स से इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी और कारोबार में तेजी आएगी।
गोरखपुर: कपड़ा खरीदने निकली युवती लापता, युवक समेत तीन पर केस दर्ज, परिवार में मचा हड़कंप
मीडिया एंट्री को लेकर हुई शुरुआती असहमति के कारण यह आयोजन कुछ समय के लिए चर्चा में आ गया, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल ज्वेलरी शो में व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से चल रही हैं और बड़ी संख्या में कारोबारी इसमें भाग ले रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 23 May 2026, 8:16 PM IST