हिंदी
चंदौली में सर्राफा व्यापारी को मारी गोली
Chandauli: जिले में बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर गुरुवार देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मार दी और उसे लूट कर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल व्यापारी को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
मामले की तरहकीकात करती पुलिस
जानकारी के मुताबिक सर्राफा व्यापारी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और व्यापारी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। बदमाश व्यापारी से बैग छीनने का प्रयास कर रहे थे। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने असलहे से फायरिंग कर दी। गोली लगते ही व्यापारी सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद बदमाश बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि लगातार दूसरे दिन सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाए जाने से जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
Location : Chandauli
Published : 29 May 2026, 1:35 AM IST