साहिबगंज में जंगल के पास चल रही ब्राउन शुगर डील पर पुलिस का वार, करोड़ों की सप्लाई का खुलासा

बरहरवा में रांगा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़ किया। चार तस्कर गिरफ्तार हुए और भारी मात्रा में ड्रग्स व सामान बरामद किया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 28 May 2026, 9:17 PM IST
google-preferred

Sahibganj : बरहरवा में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। रांगा थाना पुलिस ने जंगल के पास चल रही ब्राउन शुगर की अवैध डील को मौके पर ही पकड़ लिया और चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई

साहिबगंज जिले के बरहरवा अंतर्गत रांगा थाना क्षेत्र में पुलिस को 27 मई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि विजयपुर-मयूरझूंटी रोड के पास एक वैगन-आर कार में चार लोग ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत सनहा दर्ज किया और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल तैयार किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर जंगल-झाड़ी के किनारे खड़ी कार को चारों तरफ से घेर लिया और मौके से सभी आरोपियों को दबोच लिया।

Jharkhand : साहिबगंज शादी में शामिल होने आई तीन बच्चियों की नदी में डूबने से मौत, पसरा मातम

बंगाल से आता था नशे का नेटवर्क

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ब्राउन शुगर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक से ट्रेन के जरिए लाया जाता था और फिर साहिबगंज व आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। पुलिस के मुताबिक यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और स्थानीय स्तर पर सप्लाई चैन बना हुआ था।

गिरफ्तार आरोपी और दर्ज केस

इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें संजय कुमार वर्मा, लाल मोहन साह, राजेश पासवान और संजीत कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ रांगा थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 और NDPS एक्ट 1985 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

भारी मात्रा में बरामद हुआ सामान

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 52 ग्राम ब्राउन शुगर और कई छोटे पैकेट में 3.6 ग्राम ड्रग्स, डिजिटल वजन मशीन, 7,200 रुपये नकद, पांच महंगे मोबाइल फोन और एक मारुति वैगन-आर कार जब्त की है। इसके अलावा नशा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान, पेपर कटिंग, ब्लेड और चम्मच भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस टीम की बड़ी भूमिका

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने किया जबकि टीम में थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार और कई अन्य अधिकारी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Location :  Sahibganj

Published :  28 May 2026, 9:15 PM IST

Advertisement