हिंदी
रायबरेली में अब चंदापुर थाना को विस्तृत रूप दे दिया गया है। इस थाने के संपर्क में अब कुल 23 ग्राम सभाओं को शामिल किया गया है। देखिये यह रिपोर्ट
रायबरेली: महाराजगंज कोतवाली की चंदापुर पुलिस चौकी को काफी समय से थाना बनाए जाने की मांग हो रही थी जिसका कारण था यहां की आबादी का काफी ज्यादा होना। लिहाजा इस चौकी को उच्चीकृत कर थाना बनाए जाने की रायबरेली एसपी की संस्तुति पर डीजीपी प्रशांत कुमार ने इस प्रस्ताव को शासन को भेज दिया था। शासन ने इस पर स्वीकृति प्रदान कर दी है।
रायबरेली में हुए कुल 20 थाने
इसके स्वीकृति के बाद रायबरेली जनपद में अब कुल 20 थाने हो गए हैं। चंदापुर थाना पुलिस महकमे के अब 20 वां थाना कहलाएगा। जिसके अंतर्गत कुल 23 गांव आएंगे। इस थाने का कुल क्षेत्रफल 312 वर्ग किलोमीटर होगा। इस थाना क्षेत्र में महाराजगंज से कटकर कुल 21 ग्राम सभाएं और थाना मिल एरिया क्षेत्र से कटकर 2 ग्राम सभाएं जुड़ेंगी।
23 ग्राम सभा की लिस्ट
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार अब थाना महाराजगंज से कटकर जुड़े ग्राम सभाओं में पहरावा, ओवा, पहरेमऊ, अशरफाबाद, बघेल, खैरहना, बहादुर नगर, दुसौती, चंदापुर, जनई, दौतरा, ज्योना, डोमापुर, तिसाखानपुर, ताजुद्दीनपुर, सिकंदरपुर, कुशमोहरा, मुरैनी, मऊ, बैखरा, रुकूनपुर ग्राम सभा शामिल हुई हैं। वहीं थाना मिल एरिया क्षेत्र से कटकर जुड़े ग्राम सभाओं में घूराडीह व समरेहदा अब थाना चंदापुर क्षेत्र में आएंगी। इन सभी ग्राम सभाओं की चंदापुर थाने से दूरी लगभग 10 किलोमीटर परिधि के अंदर है।
यशवीर सिंह ने नियुक्त किया पहला थाना अध्यक्ष
रायबरेली पुलिस अधीक्षक डॉक्टर यशवीर सिंह ने चंदापुर थाने में उप निरीक्षक प्रशांत द्विवेदी को पहला थाना अध्यक्ष नियुक्त करते हुए कमान सौंपी है। इसके बाद अब इसे स्वतंत्र थाने का दर्जा मिल गया है। चंदापुर पुलिस चौकी को अब थाने में अपग्रेड कर दिया गया। जिससे क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होगी। यह अपग्रेड चंदापुर रियासत के बड़े राजा कौशलेंद्र सिंह के प्रयासों के कारण संभव हुआ है। जिन्होंने अपनी जमीन दान कर पुलिस चौकी के निर्माण में नींव रखी थी। बड़े राजा कौशलेन्द्र सिंह ने एक साल पहले अपनी जमीन पुलिस चौकी के निर्माण के लिए दी थी। क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए राजा कौशलेन्द्र सिंह लगातार प्रयास कर रहे थे। थाने का दर्जा मिलने से अब क्षेत्र की जनता को बेहतर पुलिस की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शासन ने दी रायबरेली में पुलिस चौकी बनाने की स्वीकृति
गौरतलब है कि शासन ने रायबरेली में पुलिस चौकी चन्दापुर को थाना बनाए जाने की स्वीकृति दे दी थी। थाना बनने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता हो जाएगी। चंदापुर रियासत रही है। आबादी और क्षेत्रफल के लिहाज से यह महत्वपूर्ण है। अब चौकी को थाना में तब्दील कर दिया जाएगा। थाने के हिसाब से यहां पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों को शिकायतें दर्ज कराने के लिए महाराजगंज कोतवाली तक लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।