हिंदी
मैनपुरी में सनसनीखेज वारदात
Mainpuri: पत्नी की प्रताड़ना से परेशान एक कारपेंटर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के 24 घंटे बाद यानी बुधवार को मृतक अनिल कुमार शर्मा (42) के दो वीडियो सामने आए। फेसबुक पर पोस्ट इन वीडियो में उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में अनिल ने भावुक होकर कहा कि उसने अपनी पत्नी से बेपनाह प्यार किया, लेकिन उसके प्यार की कदर नहीं की गई। उसने कहा कि उसने जिंदगी से ज्यादा कुछ नहीं मांगा था, लेकिन उसे बदले में मौत मिली। एक अन्य वीडियो में अनिल ने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी, सास और ससुर को जिम्मेदार ठहराया है।
परिजनों के अनुसार, होली के दिन अनिल और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी अपने दोनों बच्चों को लेकर कन्नौज स्थित मायके चली गई। पत्नी के जाने के बाद से ही अनिल तनाव में रहने लगा था। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
यह मामला जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर सदर कोतवाली क्षेत्र के पत्थरमंडी मोहल्ले का है। 24 मार्च को अनिल का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। उसने बेडशीट के सहारे पंखे से फांसी लगाई थी।
मैनपुरी में उपद्रवियों का आतंक, महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर चढ़ाया बियर, वायरल वीडियो से हड़कंप
पड़ोसियों के मुताबिक, अनिल रोज सुबह जल्दी उठ जाता था, लेकिन उस दिन घर में कोई हलचल नहीं दिखी। दरवाजा खटखटाने पर भी जब जवाब नहीं मिला तो शक हुआ। खिड़की से झांककर देखा गया तो वह कमरे में फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पड़ोसियों ने बताया कि पत्नी के मायके जाने के बाद अनिल अकेला पड़ गया था और ज्यादा किसी से बातचीत नहीं करता था। जांच के दौरान पुलिस को उसके फेसबुक अकाउंट पर दो वीडियो मिले, जो 18 और 19 जनवरी को जीत शर्मा की आईडी से शेयर किए गए थे।
18 जनवरी को शेयर किए गए 28 सेकेंड के पहले वीडियो में अनिल ने पत्नी पर जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया। अगले दिन यानी 19 जनवरी को 1 मिनट 2 सेकेंड का एक और वीडियो शेयर किया गया। वीडियो में अनिल कहा कि पत्थरमंडी मोहल्ला मैनपुरी का निवासी हूं।
अगर मुझे लाइफ में कुछ भी होता है। किसी भी तरीके से मेरी मौत होती है तो मेरी मौत के जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ मेरा ससुराल, मेरा ससुर मुन्नालाल शर्मा, मेरी सास रानी देवी ही होंगे। इन दोनों ने मेरी जिंदगी तबाह कर दी है। इन दोनों ने मुझे इतना परेशान कर दिया है कि मेरे पास मरने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि पत्थरगढ़ी मोहल्ले में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मृतक के मोबाइल से दो वीडियो बरामद किए हैं, जिनमें उसने अपनी पत्नी और सास-ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शुरुआती जांच में मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ी आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।
Location : Mainpuri, Suicide Case, Mainpuri News, Domestic Dispute
Published : 25 March 2026, 4:43 PM IST