जमीन की नाप पर छिड़ी जंग… बदायूं में कुराबंदी के दौरान हंगामा, महिलाओं ने लगाया सड़क जाम, एक बेहोश

बदायूं के नूरपुर गांव में जमीन विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया। कुराबंदी करने पहुंची राजस्व टीम के सामने महिलाओं का विरोध इतना बढ़ गया कि सड़क पर जाम लग गया। हंगामे के बीच एक महिला के बेहोश होने से माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 July 2026, 5:45 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव नूरपुर में भूमि विवाद को लेकर कुराबंदी के दौरान जमकर हंगामा हो गया। राजस्व टीम द्वारा दो भाईयों की जमीन का सीमांकन कराने पहुंचने पर गांव की महिलाओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध इतना बढ़ा कि महिलाओं ने बिसौली-बिल्सी मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे घंटों आवागमन ठप रहा।

महिलाओं ने लगाया जाम 

जानकारी के अनुसार नूरपुर गांव में दो भाईयों के बीच लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग की टीम कुराबंदी करने गांव पहुंची थी। जैसे ही टीम ने काम शुरू किया, मौके पर मौजूद महिलाओं ने आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया। 

एक हफ्ते में फिर बहा खून… पवई में आधी रात का हमला, बंद कमरे में महिला की हालत देखकर उड़ गए होश

आक्रोशित महिलाओं का कहना था कि बिना सहमति के सीमांकन किया जा रहा है। इसके बाद दर्जनों महिलाएं सड़क पर उतर आईं और बिसौली-बिल्सी मार्ग पर धरने पर बैठ गईं। जाम लगते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को घंटों परेशानी उठानी पड़ी।

पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया जाम

सूचना मिलते ही बिसौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने महिलाओं को मनाकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। विरोध प्रदर्शन के दौरान धूप और अफरा-तफरी के कारण एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया। हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस की मदद से बेहोश महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

जितनी नशीली आंखें, उतना गंदा धंधा, नोएडा में नशे की सप्लाई करने वाली महिला गैंग का भंडाफोड़; 5 महिलाएं गिरफ्तार

क्या है पूरा मामला?

राजस्व अधिकारियों के मुताबिक नूरपुर गांव में दो सगे भाईयों के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद है। न्यायालय के आदेश पर सोमवार को सीमांकन और कुराबंदी की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान परिजनों और ग्रामीण महिलाओं ने इसका विरोध कर दिया। फिलहाल पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। राजस्व टीम ने बताया कि हालात सामान्य होने पर दोबारा सीमांकन की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  17 July 2026, 5:45 PM IST

Related News

Advertisement