हिंदी
महिला पर धारदार हथियार से हमला (Img: AI Generated Image)
Azamgarh: आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दादा-पोते के चर्चित दोहरे हत्याकांड की गूंज अभी लोगों के जेहन से गई भी नहीं थी कि एक और सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस बार घर में अकेली रह रही एक महिला पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती (48), पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद, गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर में अकेली थीं। उन्होंने सुरक्षा के लिए मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। इसी दौरान किसी तरह एक अज्ञात व्यक्ति घर के भीतर पहुंच गया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने उनकी गर्दन और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ये भी पढ़ें- Mirzapur: आखिर मिर्जापुर में ऐसा क्या हुआ कि बढ़ानी पड़ी सुरक्षा? पुलिस भी अचानक हुई अलर्ट, जानिए पूरा मामला
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण कोई भी घर के भीतर नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया। जब पुलिस दूसरी मंजिल पर पहुंची तो महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद परिजन उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें- जेब ढीली होने से बचना है तो नियमों का करें पालन, देवरिया पुलिस की चालकों से अपील- ‘दस्तावेज रखें साथ’
घटना के बाद अहरौला थाना क्षेत्र के गुमकोठी निवासी बृजेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन दुर्गावती पर पवई कस्बे के रहने वाले सुजीत मौर्या ने धारदार हथियार से हमला किया और कमरे को बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पवई क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक सप्ताह पहले हुए दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। ऐसे में एक और बड़ी वारदात सामने आने से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं।
Location : Azamgarh
Published : 17 July 2026, 5:06 PM IST
Topics : azamgarh news Knife attack Pawai Crime UP News