
तबीयत बिगड़ने के बाद मौत
Budaun: उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित सदर तहसील परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय सत्यपाल सिंह पुत्र बिहारी लाल सिंह निवासी आदर्श नगर, कृष्णा नगर मंडी समिति के सामने, थाना सिविल लाइंस क्षेत्र, किसी कार्य से तहसील पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तहसील परिसर में मौजूद रहते हुए अचानक उनकी हालत गंभीर हो गई। वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना से तहसील परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद सत्यपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही बढ़ गई। तहसीलदार, एलआईयू और भारी तादाद में पुलिस बल जिला अस्पताल पहुंच गया।
Gorakhpur News: बारात में बवाल; मामूली कहासुनी में युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतक की पत्नी ने बताया कि सत्यपाल सिंह तहसील में वोट बनवाने के लिए आवश्यक कागजात जमा कराने आए थे। परिवार को इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि सामान्य प्रक्रिया के लिए तहसील गए सत्यपाल वापस घर नहीं लौट पाएंगे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन अस्पताल पहुंचकर रो-रोकर बेहाल हो गए। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
दिल का दौरा अचानक नहीं आता! एक्सपर्ट बोले- पहले मिलते हैं चेतावनी के संकेत, लेकिन क्या?
पूरी घटना सदर कोतवाली परिसर स्थित तहसील में हुई, जिससे प्रशासनिक महकमे में भी हलचल बनी रही। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता लगाया जा सके। अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गए हैं।
Location : Budaun
Published : 11 February 2026, 7:04 PM IST