हिंदी
एक ही फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव (img: Dynamite News)
Hardoi: हरदोई जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र के चौरा गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव घर के अंदर एक ही फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, चौरा गांव निवासी श्रवण कुमार (30) खेती का काम करते थे। बताया जा रहा है कि श्रवण की बहन की ससुराल बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के मंगतपुरवा गांव में थी। बहन के घर आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात वहीं रहने वाली कुंती (22) से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और प्रेम संबंध बन गए।
ऑनर किलिंग से दहला हरदोई: घरवालों ने की बेटी की पीट-पीटकर कर हत्या, बाग में किया अंतिम संस्कार
श्रवण की पत्नी रीता को जब इस प्रेम संबंध की जानकारी हुई तो वह करीब चार महीने पहले अपने मायके चली गई थी। इसके बाद भी श्रवण और कुंती के बीच बातचीत जारी रही। बताया जा रहा है कि 24 जून को श्रवण कुंती से मिलने उसके गांव मंगतपुरवा पहुंचा था। वहां कुंती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया।
मामले की जानकारी होने के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। इस दौरान कुंती को श्रवण के घर भेज दिया गया था। पंचायत में श्रवण की पत्नी रीता भी मौजूद थी। हालांकि, इसके बाद भी मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ। शनिवार सुबह श्रवण और कुंती के शव घर के अंदर एक ही साड़ी के फंदे से लटके मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम और क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Location : Hardoi
Published : 27 June 2026, 2:12 PM IST