हिंदी
बच्चे को लगाया पशु का इंजेक्शन (Img: AI Generated Image)
Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मंडावर थाना क्षेत्र में सात साल के एक मासूम की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों के साथ हुए विवाद के दौरान बच्चे को पशुओं में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन लगा दिया गया था।
घटना के कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
घटना मंडावर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कस्साबान स्थित आयशा कॉलोनी की है। मृतक की पहचान सात वर्षीय रूहान के रूप में हुई है। उसकी मां रेशमा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 21 जून की शाम उनकी बेटी मस्जिद से पढ़ाई करके घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में पड़ोसी अरमान कुरैशी ने किसी बात को लेकर उसकी पिटाई कर दी।
बेटी के शोर मचाने पर रेशमा अपने बेटे रूहान के साथ मौके पर पहुंचीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। परिजनों का कहना है कि इसी दौरान पप्पू कुरैशी और अल्लू कुरैशी भी मौके पर पहुंच गए और विवाद और बढ़ गया।
Hardoi News: प्रेम कहानी का खौफनाक अंत! घर में एक ही फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव
रूहान की मां का आरोप है कि झगड़े के दौरान अरमान कुरैशी ने उनके सात वर्षीय बेटे को पशुओं में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन लगा दिया। उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने मंडावर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। परिवार का दावा है कि उस समय बच्चे की हालत सामान्य थी, लेकिन अगले कुछ दिनों में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। यह आरोप सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई। हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई है और अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक, घटना के कुछ दिन बाद रूहान की तबीयत अचानक गंभीर हो गई। पहले उसे बिजनौर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। मेरठ में डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पूरे मोहल्ले में शोक और गुस्से का माहौल है।
बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत कथित इंजेक्शन की वजह से हुई या किसी अन्य चिकित्सीय कारण से।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत का वास्तविक कारण क्या था।
पैतृक जमीन बनी जंग का मैदान! दो सगे भाइयों के परिवार भिड़े, ईंट-पत्थर चले; कई लोग लहूलुहान
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की शिकायत पहले ही प्राप्त हो चुकी थी और उसकी जांच की जा रही है। अब बच्चे की मौत के बाद पूरे मामले की जांच और गंभीरता से की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच होगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।
Location : Bijnor
Published : 27 June 2026, 3:04 PM IST