गोंडा में बड़ा हादसा: बृजभूषण शरण सिंह के कार्यक्रम से लौट रही खिलाड़ियों की बस पलटी, 7 खिलाड़ी घायल

गोंडा में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के सम्मान में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ समारोह से लौट रही खिलाड़ियों की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात खिलाड़ी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 August 2026, 7:40 PM IST
google-preferred

Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के सम्मान में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ समारोह से लौट रही खिलाड़ियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार खिलाड़ियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी खिलाड़ी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे में सात खिलाड़ी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया।

नंदिनी नगर कार्यक्रम से लौट रही थी खिलाड़ियों की बस

जानकारी के मुताबिक, गोंडा स्पोर्ट्स अकादमी के 41 खिलाड़ी बृजभूषण शरण सिंह के सम्मान में नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी खिलाड़ी बस से वापस लौट रहे थे। बताया गया कि शाम करीब चार बजे गोंडा-अयोध्या मार्ग पर नंदिनी नगर शूटिंग रेंज के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। बस के पलटते ही उसमें बैठे खिलाड़ियों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे खिलाड़ियों को बाहर निकालने के लिए उसका शीशा तोड़ा गया। कुछ ही देर में गोनार्द अस्पताल की एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई और घायल खिलाड़ियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सात खिलाड़ियों को आई मामूली चोटें

हादसे में विकास यादव (18), सतीश मौर्य (22), शिवकुमार (22), शिवा सिंह (19), चंदन गुप्ता (17), अमरनाथ (17) और शनि सिंह (20) घायल हुए। चिकित्सकों ने सभी खिलाड़ियों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद सभी की हालत सामान्य पाई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। किसी भी खिलाड़ी को गंभीर चोट नहीं आई है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने संभाली व्यवस्था

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य खिलाड़ियों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कराई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई थी, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी।

पुलिस ने कहा- सभी खिलाड़ी सुरक्षित

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में किसी भी खिलाड़ी को गंभीर चोट नहीं आई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Location :  Gonda

Published :  6 August 2026, 7:40 PM IST

Related News

Advertisement