हिंदी
रेखा आर्य पर पति पप्पू गिरधारी का पलटवार (img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के बीच छिड़ी जंग अब खुलकर सामने आ गई है। मंत्री रेखा आर्य की ओर से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पप्पू गिरधारी ने भी पलटवार करते हुए उन पर भ्रष्टाचार से 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही उत्तराखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री की काली कमाई का पूरा हिसाब जनता के सामने रखेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रेखा आर्य की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि अगर उनके आरोप झूठे निकलें तो उन्हें जितनी बड़ी सजा देनी हो, दे दी जाए।
पप्पू गिरधारी ने आरोप लगाया कि रेखा आर्य के विभाग में पिछले 10 वर्षों से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। इसे लेकर उन्होंने कई बार रेखा आर्य को टोका भी था। एक बार इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई थी। उन्होंने कहा कि भगवान ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। बरेली में उनका बड़ा कारोबार है, इसलिए उन्हें किसी गलत काम से पैसा कमाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा आर्य के पास 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है, जिसका वह जल्द खुलासा करेंगे। पप्पू गिरधारी ने कहा कि उन्होंने रेखा आर्य को चुनाव लड़ाने के लिए उत्तराखंड जाने से मना कर दिया था। इसी बात से वह नाराज हो गई थीं। उन्होंने कहा कि रेखा आर्य जानती थीं कि अगर वह चुनाव लड़ाने नहीं पहुंचे तो उनकी हार हो सकती है। इसकी वजह उनके विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर जनता की नाराजगी थी। पप्पू गिरधारी ने कहा कि उन्होंने 17 साल तक रेखा आर्य के लिए लोगों के सामने झोली फैलाकर वोट मांगे और हाथ जोड़े, लेकिन आज वही रेखा आर्य उन पर गंभीर आरोप लगा रही हैं।
यह भी पढ़ें: ‘BJP-RSS को सत्ता से जाने का डर’, राजनाथ सिंह के आरोपों पर पवन खेड़ा का जवाब
पप्पू गिरधारी ने रेखा आर्य पर अपनी पूर्व महिला मैनेजर के जरिए वसूली कराने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बताया जब मंत्री को पता चला कि महिला उनके भ्रष्टाचार की पोल खोल सकती है तो उसे जेल भिजवा दिया गया। उन्होंने महिला को गरीब और पढ़ी-लिखी बताते हुए कहा कि वह मंत्री के कई राज जानती थी। पप्पू गिरधारी ने रेखा आर्य की ओर से जारी कथित ऑडियो को फर्जी बताते हुए दावा किया कि इसे एआई की मदद से तैयार कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब उनका परिवार तोड़ने के लिए किया गया। रेखा आर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस घमंड में चूर हैं कि हमेशा मंत्री बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि सत्ता किसी की हमेशा नहीं रहती।
पप्पू गिरधारी ने रेखा आर्य के राजनीतिक सफर को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा रेखा आर्य को राजनीति में आगे बढ़ाने और आज इस मुकाम तक पहुंचाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि 17 वर्षों तक उनके लिए मेहनत की, लोगों से वोट मांगे और हर चुनाव में साथ खड़े रहे। अब वही रेखा आर्य उन पर गंभीर आरोप लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि रेखा आर्य यह भूल गई हैं कि उन्हें यहां तक पहुंचाने में किसका योगदान रहा है। पप्पू गिरधारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए रेखा आर्य के खिलाफ जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उनके दोस्त और भाई जैसे हैं। वह बेहद ईमानदार हैं, लेकिन उनकी सरकार में मंत्री रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। ऐसे में कार्रवाई तो बनती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसी जांच एजेंसी के जरिए मंत्री की संपत्तियों और कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की अपील की।
यह भी पढ़ें: हमीरपुर: पीएम आवास योजना में धांधली: अपात्रों के चयन और रिश्वतखोरी के खिलाफ डीएम से न्याय की मांग
पप्पू गिरधारी ने रेखा आर्य को गोलू देवता की कसम खाने की चुनौती देते हुए कहा कि वह बताएं कि क्या उन्होंने वास्तव में उनके साथ कोई जुल्म किया है। उन्होंने कहा कि साहू जी ने कभी उनसे कुछ नहीं लिया, इसके बावजूद उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने रेखा आर्य से शिकायत वापस लेने और ईश्वर से माफी मांगने को कहा। साथ ही भोले बाबा और वनखंडीनाथ बाबा का नाम लेते हुए कहा कि झूठे आरोप लगाने वालों को भगवान जवाब देंगे। वहीं पप्पू गिरधारी ने कंपनी से जुड़े आरोपों पर भी जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि जिस कंपनी से इस्तीफे और शेयरों को लेकर उन पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसमें रेखा आर्य की खुद भी हिस्सेदारी है। उन्होंने कहा कि कंपनी के दस्तावेजों की जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।
फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पप्पू गिरधारी ने रेखा आर्य पर कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है, जबकि मंत्री ने अपने पति के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की है। अब मामले में पुलिस जांच, संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल और आरोपों के समर्थन में पेश किए जाने वाले साक्ष्य अहम होंगे। जांच पूरी होने से पहले किसी भी आरोप को प्रमाणित तथ्य मानना उचित नहीं होगा।
Location : Bareilly
Published : 16 October 2026, 2:39 PM IST
Topics : Barerilly UP News Uttarakhand News