गोरखपुर में बदमाशों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, किसी पर 12 तो किसी पर 5 मुकदमे; अब हिस्ट्रीशीट खोलकर रखी जाएगी नजर

गोरखपुर में अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने तीन आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। बेलघाट, गीडा और सहजनवां के इन लोगों के खिलाफ चोरी, लूट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बेलघाट, गीडा और सहजनवां थाना क्षेत्रों के तीन आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस के मुताबिक, यह कदम उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों और आपराधिक इतिहास को देखते हुए उठाया गया है। अब पुलिस इनकी गतिविधियों पर नजर रख सकेगी।

इस कार्रवाई के तहत तीनों को पुलिस रिकॉर्ड में दुराचारी के रूप में दर्ज करते हुए ‘ख’ श्रेणी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

बेलघाट के करन पर पांच मुकदमे दर्ज

पुलिस की कार्रवाई में बेलघाट थाना क्षेत्र के छितौनी बुजुर्ग निवासी करन हरिजन पुत्र महेंद्र हरिजन का नाम शामिल है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ बेलघाट और बांसगांव थानों में वर्ष 2022, 2023 और 2026 के दौरान पांच मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में लूट, धोखाधड़ी, जालसाजी, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट और मारपीट से संबंधित आरोप शामिल हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मामलों को आधार बनाकर हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की है।

ये भी पढ़ें- यूपी चुनाव में कुर्मी-पासी बनेंगे सियासी रणनीति का केंद्र? BJP और सपा के सामने बड़ी चुनौती

गीडा के अमित पर चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले

दूसरा नाम गीडा थाना क्षेत्र के भिलौरा खुर्द निवासी अमित पुत्र सबुन्ने का है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ वर्ष 2025 में चोरी और उससे संबंधित अपराधों के चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें तीन मुकदमे भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं, जबकि एक मामला उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम यानी गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज है। पुलिस ने उसके आपराधिक रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए हिस्ट्रीशीट खोली है।

ये भी पढ़ें- सीतापुर नगर पालिका में बड़ा प्रशासनिक एक्शन: तत्कालीन ईओ पर निलंबन की संस्तुति

सहजनवां के परविंदर के खिलाफ 12 मुकदमों का रिकॉर्ड

तीसरे आरोपी सहजनवां थाना क्षेत्र के टड़वा खुर्द निवासी परविंदर उर्फ प्रवीन उर्फ प्रविंद्र पुत्र रामगोपाल उर्फ गोपाल राजभर के खिलाफ पुलिस ने सबसे अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2017 से 2025 के बीच उसके खिलाफ कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, धोखाधड़ी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा, उसके खिलाफ हत्या से संबंधित धारा 302 के तहत भी मुकदमा दर्ज होने का जिक्र है।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 October 2026, 5:30 PM IST

Advertisement