बरेली में मौत का तांडव: एक ही रास्ते पर कुछ ही घंटों के भीतर दो दर्दनाक हादसों ने उजाड़े घर

बरेली के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों को गहरा सदमा दे दिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 25 September 2026, 1:02 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों को गहरा सदमा दे दिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल जाने के दौरान छात्र की मौत

पहला हादसा शुक्रवार सुबह आनंदपुर के पास हुआ। दुनका निवासी सौरभ गुप्ता का 14 वर्षीय बेटा सिद्धार्थ गुप्ता दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। बताया गया कि स्कूल बस मिर्जापुर तक आती है। इसी वजह से सिद्धार्थ अपने चाचा शानू गुप्ता के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था।

इसी दौरान आनंदपुर के पास धनेटा की तरफ से आ रही सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सिद्धार्थ बाइक से सड़क पर गिर गया और ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। गंभीर रूप से घायल छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके चाचा शानू भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें: Bareilly: गरीबी ने बना दिया स्मैक तस्कर, बरेली पुलिस ने 22 ग्राम के साथ किया गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला ये सच

हादसे की खबर मिलते ही घर में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शानू को इलाज के लिए बरेली भेजा। सिद्धार्थ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह बेसुध हो गईं। हादसे के समय सिद्धार्थ के पिता राजस्थान में थे। उन्हें भी घटना की जानकारी दी गई।

लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर

इससे पहले गुरुवार देर रात धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर बसई गांव के पास ईंट-भट्ठे के नजदीक दूसरा हादसा हुआ। यहां लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार नियाज खां (65) और जंगा खां (53) को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान नियाज खां की मौत हो गई, जबकि जंगा खां का उपचार जारी है।

ये भी पढ़ें: Bareilly: बुजुर्ग के मोबाइल से निकाला SIM, UPI एक्टिव कर खाते से उड़ाए 12 लाख, कॉलोनी का गार्ड गिरफ्तार

दोनों हादसों में चालक मौके से फरार

दोनों घटनाओं में हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुनका पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया है। पुलिस अब हादसों की जांच करने के साथ फरार चालकों की तलाश में जुटी है। धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर लगातार हुए इन दो हादसों में दो लोगों की मौत और दो लोगों के घायल होने से सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Location :  Bareilly

Published :  25 September 2026, 1:02 PM IST

Advertisement