Barabanki Road Accident: सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल, एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस

शादी से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,1 घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा युवक। घटना की पूरी जानकारी के लिए पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

बाराबंकी: जिले के फतेहपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक शादी समारोह से लौट रहा था। घटना बड्डूपुर थाना क्षेत्र के टड़वा गदमानपुर गांव निवासी पवन कुमार के साथ घटी, जो सीतापुर के गुड़ैचा सरैया गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, जैसे ही पवन कुमार भगौली कस्बे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पवन कुमार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मौके पर नहीं पहुंची एंबुलेंस

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पवन के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस सेवा के लिए 108 इमरजेंसी नंबर पर कॉल किया, लेकिन एक घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। अंततः परिजनों ने पवन को निजी वाहन से फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने पवन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पवन के सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है। इस मामले में बड्डूपुर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश

स्थानीय लोगों और परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती तो पवन को बेहतर समय पर इलाज मिल सकता था। इस घटना ने एक बार फिर से इमरजेंसी सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरोपी वाहन चालक की तालाश जारी

पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन चालक की पहचान की जा सके। फिलहाल घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Location :  Barabanki

Published :  18 May 2025, 4:20 PM IST

Advertisement