हिंदी
खुशियों के बीच पसरा मातम (Source: Dynamite News)
Balrampur: बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतकों में मुंबई से कुछ दिन पहले गांव लौटे बजरंग गिरी, उनकी पत्नी कोमल, तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और 10 माह का बेटा जयदीप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
बताया जा रहा है कि रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहने वाला परिवार कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। परिवार के आने से घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि कुछ ही दिनों में पूरा परिवार इस तरह दुनिया छोड़ देगा। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देवीपाटन रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार शुक्ला स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार के परिजनों से बातचीत की। साथ ही स्थानीय पुलिस अधिकारियों को हर पहलू से निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार भी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे और जांच की निगरानी करते रहे।
महंगाई के मोर्चे पर राहत: कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹200 से अधिक सस्ता, जानें दिल्ली-कोलकाता में नई दरें
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चारों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी या फिर मामला आत्महत्या का है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और वैज्ञानिक साक्ष्य मिलने के बाद ही घटना का सच सामने आएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
Location : Balrampur
Published : 1 August 2026, 10:02 AM IST
Topics : balrampur news crime news Uttar Pradesh News