नियम ताक पर रखकर बज रहा था डीजे, बलरामपुर पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

थाना रेहरा बाजार पुलिस ने निर्धारित ध्वनि मानकों की धज्जियां उड़ा रहे एक डीजे लगे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। चालक द्वारा वाहन के कागजात न दिखाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 25 September 2026, 12:31 AM IST

Balrampur: जिले में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने और ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में रेहरा बाजार क्षेत्र में नियमों को दरकिनार कर तेज आवाज में डीजे बजा रहे एक पिकअप वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

​जानकारी के मुताबिक, गश्त के दौरान पुलिस की नजर सड़क पर फर्राटा भर रहे एक डीजे लगे पिकअप वाहन पर पड़ी। वाहन में लगे साउंड सिस्टम की आवाज शासन द्वारा तय की गई सीमा से काफी अधिक थी। पुलिसकर्मियों ने जब मौके पर चालक को रोककर वाहन के दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका।

“शोभायात्राओं में डीजे पूरी तरह बंद हो”, बलरामपुर में उठी बड़ी मांग; क्या बनेगा प्रदेश का पहला शोर-मुक्त जिला?

इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। पूछताछ में वाहन स्वामी की पहचान रेहरा बाजार क्षेत्र के तेलियाजोत अगया बुजुर्ग गांव निवासी रामदीन के रूप में हुई है।

​स्थानीय पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के सभी साउंड सिस्टम संचालकों और वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि बिना सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के कोई भी डीजे नहीं बजाया जाएगा।

बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत के बाद उठे सवाल, नियमों की अनदेखी पर घिरा सिस्टम

इसके साथ ही रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। निर्धारित समय और तय ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Location :  Balrampur

Published :  25 September 2026, 12:28 AM IST