हिंदी
कार्रवाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक (IMG: Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया में परिवार के खिलाफ दर्ज मुकदमों में सही जांच व कार्रवाई की मांग को लेकर कस्बे का एक युवक रविवार तड़के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारने का काफी प्रयास किया। करीब नौ घंटे बाद चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू के समझाने और मामले के समाधान का भरोसा दिलाने पर युवक टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
कस्बे के वार्ड संख्या 14 उत्तर टोला निवासी 30 वर्षीय धनजी वर्मा का अपने माता-पिता, भाई और पत्नी से विवाद चल रहा है। इससे पहले 24 जून को भी वह परिवार के लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया था। उस समय पुलिस ने परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे नीचे उतारा था। धनजी का आरोप है कि पूर्व में दर्ज मुकदमे में सही जांच और कार्रवाई के लिए उसने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रविवार सुबह करीब छह बजे धनजी एसबीआई बैंक के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से पर्चे फेंकने लगा। वह पत्नी से कानूनी रूप से संबंध विच्छेद हुए बिना दूसरी शादी करने के मामले में कार्रवाई, भोजन की व्यवस्था तथा मारपीट और चोरी के दर्ज मुकदमों में कार्रवाई की मांग कर रहा था। उसका आरोप था कि कुछ दिन पहले परिवार के लोगों ने उसका पैसा भी चोरी कर लिया, लेकिन इस मामले में भी कार्रवाई नहीं हुई।
Ballia News: घर से बाजार निकलीं 3 बच्चियां, सैकड़ों KM दूर जबलपुर में मिलीं! आखिर कैसे पहुंचीं वहां?
सूचना पर कोतवाल राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोबाइल फोन के जरिए धनजी से बातचीत कर नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। करीब तीन बजे चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने भी मोबाइल से उससे बातचीत की।
उन्होंने अपने खर्च पर भोजन-पानी की व्यवस्था कराने और परिवार के लोगों से बातचीत कर मामले का समाधान कराने का भरोसा दिया। इसके बाद करीब नौ घंटे बाद धनजी टावर से नीचे उतर आया। युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
Location : Ballia
Published : 23 August 2026, 9:09 PM IST