
बलिया में पुलिस मुठभेड़ (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ballia: जनपद के थाना कोतवाली बाँसडीह पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के पांच बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन, नकदी और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें एक चोरी की बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि थाना कोतवाली बाँसडीह पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पालिटेक्निक स्कूल हुसैनाबाद के पास बड़ा पोखरा भीटा पर कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी जिसमें एक बदमाश घायल हो गया जबकि अन्य चार को पुलिस ने भागते हुए दबोच लिया।
घायल आरोपी की पहचान विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर (23) निवासी सुखपुरा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक वह बाँसडीह थाने में दर्ज कई चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों में रोहन सिंह, अभिनव सिंह, मनीष कुमार और विशाल भारद्वाज शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 अवैध तमंचा .315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, एक नाजायज चाकू, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 580 रुपये नकद और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक गिरोह है जो बलिया समेत अन्य जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बाँसडीह में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर पर बलिया और मऊ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं।
1- विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर पुत्र शिवबचन राजभर निवासी मिडिल स्कूल के पास कस्बा सुखपुरा थाना सुखपुरा जनपद बलिया।
2.रोहन सिंह पुत्र धनन्जय सिंह नि0 सुखपुरा थाना सुखपुरा जनपद बलिया।
3.अभिनव सिंह पुत्र नीरज सिंह निवासी सुखपुरा थाना बाँसडीह जनपद बलिया।
4.मनीष कुमार पुत्र शंभुनाथ राम निवासी सुखपुरा थाना बाँसडीह जनपद बलिया। 5.विशाल भारद्वाज पुत्र स्व0 हरिवंश भारद्वाज निवासी सुखपुरा थाना सुखपुरा जनपद बलिया।
अभियुक्त विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर पुत्र शिवबचन राजभर पर बलिया में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Location : Ballia
Published : 15 May 2026, 5:51 PM IST