हिंदी
होली चौक को लेकर विवाद (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं जिले के दातागंज विधानसभा क्षेत्र स्थित उसावा नगर में मंगलवार को एक पुराने धार्मिक स्थल को लेकर विवाद गहरा गया। 200 वर्ष पुराने बताए जा रहे होली चौक को बचाने की मांग को लेकर सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद कर धरना शुरू कर दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, होली चौक पर पिछले दो सौ वर्षों से लगातार होलिका दहन की परंपरा निभाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुछ लोग इस स्थल पर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं। इसी के विरोध में सुबह से ही उसावा का मुख्य बाजार बंद रखा गया।
बारिश के बीच करीब 700 से 800 लोग तिरंगा और धार्मिक झंडे लेकर होली चौक पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। लोगों का कहना है कि यह केवल जमीन का नहीं बल्कि उनकी आस्था और परंपरा का मामला है।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद यदि 200 साल पुरानी धार्मिक परंपरा को बचाने के लिए लोगों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है, तो यह चिंता का विषय है।
धरने में शामिल लोगों ने साफ कहा कि वे किसी भी कीमत पर होली चौक की परंपरा से समझौता नहीं करेंगे।
बदायूं में पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ा हादसा: छात्रा के सिर पर गिरा छत का मलबा, अधूरा रह गया सपना
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
फिलहाल किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि जब तक प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता कि होली चौक की परंपरा और होलिका दहन स्थल से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बदायूं में सड़क पर अचानक मचा चीख-पुकार का माहौल, जब युवक के साथ हुआ दर्दनाक हादसा
खबर लिखे जाने तक कोई जनप्रतिनिधि या स्थानीय विधायक प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचा था। इस वजह से लोगों में नाराजगी और बढ़ती दिखाई दी।
मुख्य बाजार बंद रहने से आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं और पूरे नगर में चर्चा का विषय बना यह विवाद अब प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई और बातचीत के नतीजे पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Location : Badaun
Published : 11 June 2026, 2:10 PM IST