कानपुर देहात में नदी से मिला मिसाइल जैसा उपकरण, इलाके में मचा हड़कंप

कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र में नोन नदी में मछली पकड़ रहे युवकों को मिसाइल या मोर्टार जैसा संदिग्ध उपकरण मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और झांसी से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है।

Updated : 10 June 2026, 7:42 PM IST
google-preferred

 Kanpur Dehat: जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी में मछली पकड़ रहे युवकों को मिसाइल जैसा दिखने वाला एक संदिग्ध उपकरण मिला। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

 मछली पकड़ते समय दिखा संदिग्ध उपकरण

जानकारी के अनुसार गजनेर थाना क्षेत्र के जसवापुर गांव के पास नोन नदी के खड्ड में कुछ युवक मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े एक बड़े लोहे के उपकरण पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर वह किसी मिसाइल या मोर्टार जैसा दिखाई दिया। युवकों ने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों और पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

 कोई बता रहा मोर्टार, तो कोई कह रहा मिसाइल

नदी में मिले उपकरण को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ ग्रामीण इसे सेना में इस्तेमाल होने वाला मोर्टार बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे मिसाइल जैसा उपकरण मान रहे हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि वह वस्तु वास्तव में क्या है और कहां से आई। पुलिस भी बिना जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

 झांसी से बुलाया गया बम निरोधक दस्ता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने झांसी से बम निरोधक दस्ता बुलाया है। विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर उपकरण की जांच करेगी। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को उस स्थान से दूर रहने की सलाह दी है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति

गजनेर थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ टीम के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नदी में मिला उपकरण क्या है।

फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह संदिग्ध वस्तु वहां कैसे पहुंची। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Location :  kanpur

Published :  10 June 2026, 7:42 PM IST

Advertisement