
बदायूं में रफ्तार का कहर
Badaun: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह दर्दनाक हादसा बदायूं जिले के उसावा थाना क्षेत्र में म्याऊं-दातागंज रोड पर हड़ौरा चौकी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक के शोकाकुल परिजन
मृतक की पहचान 28 वर्षीय धर्मेंद्र शर्मा पुत्र रामविलास शर्मा निवासी कुंवर गांव, उसहैत के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जब उसका चेकअप किया तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया।
परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र शर्मा चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। मृतक की दो बेटियां बड़ी हैं, जबकि बेटा सबसे छोटा है। धर्मेंद्र परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए शटरिंग का काम करता था।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में जिला अस्पताल पहुंचे और धर्मेंद्र का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों ने बताया कि उन्हें इस हादसे की उम्मीद नहीं थी और कुछ ही समय में उनकी खुशियां मातम में बदल गईं।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Badaun
Published : 6 September 2026, 1:03 AM IST